रिपोर्ट: साहिल यादव (संवाददाता)
न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण
मुंबई। डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में अग्रणी रस्क मीडिया ने अपनी बेहद चर्चित और लोकप्रिय वेब सीरीज़ के दूसरे संस्करण ‘लव टू हेट यू: चैप्टर 2’ का मुंबई के एक भव्य समारोह में आधिकारिक ऐलान कर दिया है। इस दौरान सीरीज़ के मुख्य कलाकारों और निर्माताओं ने मीडिया के साथ नए सीज़न की कहानियों व अनुभवों को साझा किया। यह बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज़ आने वाले 4 अगस्त 2026 से डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘Alright! TV’ पर स्ट्रीम की जाएगी।
अमन और रिया के रिश्ते का नया इम्तिहान, मोनालिसा की हुई एंट्री
सीरीज़ के मुख्य किरदार ‘अमन’ के रूप में अभिनेता हर्ष राजपूत और ‘रिया’ के रूप में अभिनेत्री नियति फतनानी एक बार फिर ऑन-स्क्रीन वापसी कर रहे हैं। इनके अलावा अभिमन्यु तोमर, संजना और मशहूर अभिनेत्री मोनालिसा भी इस बार अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगी। निर्माताओं के मुताबिक, इस सीज़न में प्यार और नफरत के बीच कई अप्रत्याशित मोड़ (Twists & Turns) देखने को मिलेंगे, जो दर्शकों को आखिरी तक बांधकर रखेंगे।
सितारों ने साझा की अपनी उत्सुकता
वापसी को लेकर उत्साहित हर्ष राजपूत ने बताया कि अमन के किरदार में इस बार गहरा भावनात्मक उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा, जहाँ वह कई जटिल परिस्थितियों से जूझता दिखेगा। वहीं नियति फतनानी ने कहा कि इस बार ‘रिया’ की ज़िंदगी में ऐसे बड़े बदलाव दिखाए गए हैं जिसकी दर्शकों ने कल्पना भी नहीं की होगी।
Alright! TV की कंटेंट हेड दीप्ति कालवानी ने बताया कि पहले सीज़न की जबरदस्त सफलता के बाद ही ‘चैप्टर 2’ को अधिक व्यापक, तकनीकी रूप से समृद्ध और दमदार स्क्रिप्ट के साथ तैयार किया गया है। अभिनेत्री मोनालिसा का नया किरदार कहानी में एक नया मोड़ लाएगा। रस्क मीडिया के सह-संस्थापक करणवीर सोफत ने कहा कि उनका मुख्य ध्येय आज की युवा पीढ़ी को उच्च गुणवत्ता वाला और प्रासंगिक मनोरंजन प्रदान करना है।
जानिए कब और कहाँ देख सकेंगे नए एपिसोड
रोमांस, रहस्य और पारिवारिक सस्पेंस से भरी इस सीरीज़ का प्रीमियर 4 अगस्त 2026 को होगा। दर्शक इसके नए एपिसोड हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार रात 8 बजे विशेष रूप से Alright! TV App पर देख सकेंगे।