---Advertisement---

मुख्यमंत्री की त्वरित पहल: बिजली गिरने से बैल की मौत के बाद भूमिहीन किसान परिवार को मिला नया बैल और आर्थिक सहायता

---Advertisement---

लातूर। लातूर जिले के देवणी तालुका स्थित बोंबळी खुर्द गांव के एक भूमिहीन किसान परिवार को बड़ी राहत मिली है। तूफानी बारिश के दौरान बिजली गिरने से किसान के बैल की मौत हो गई थी, जिसके बाद उसकी पत्नी को खेतों में जुताई के लिए बैल की जगह खुद को जुए में जोतना पड़ा था। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की त्वरित पहल पर जिला प्रशासन ने किसान परिवार को नया बैल और आर्थिक सहायता प्रदान की है।

आजीविका का संकट

जानकारी के अनुसार, काशीनाथ गायकवाड़ और उनकी पत्नी हौसाबाई बैलगाड़ी तथा बैलों की मदद से आसपास के किसानों के खेतों में जुताई, बुवाई और अन्य कृषि कार्य करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। 5 जून को आए तूफानी बारिश के दौरान बिजली गिरने से उनके एक बैल की मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया था।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई

जब यह खबर मुख्यमंत्री तक पहुंची, तो उन्होंने तत्काल सहायता के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर लातूर के जिलाधिकारी डॉ. भारत बास्टेवाड़ के मार्गदर्शन में राजस्व, कृषि और पशुसंवर्धन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। पशुसंवर्धन विभाग ने नया बैल उपलब्ध कराया, जिसे अधिकारियों की उपस्थिति में गायकवाड़ परिवार को सौंप दिया गया।

आर्थिक सहायता भी मंजूर

नए बैल के अलावा, मृत बैल का पंचनामा और पशु चिकित्सकीय परीक्षण कर राज्य आपदा प्रतिक्रिया निधि के तहत आर्थिक सहायता भी मंजूर की गई है। यह राशि सीधे किसान के बैंक खाते में जमा की जा रही है।

परिवार ने जताया आभार

नई सहायता मिलने पर हौसाबाई गायकवाड़ और उनके पुत्र पुंडलिक ने मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। हौसाबाई ने कहा कि अब खरीफ सीजन के लिए कृषि कार्य समय पर पूरे करने की चिंता दूर हो गई है। नया बैल मिलने से परिवार को फिर से अपने पैरों पर खड़े होने का भरोसा मिला है।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh