यूपी

महाशिवरात्रि पर मुरादाबाद में शिव भक्तों का जुटेगा मेला, 84 घंटा मंदिर में हिंदू मंडल किसरोल का भव्य कार्यक्रम |

मुरादाबाद (तृप्ति प्रमाण): आगामी 15 फरवरी 2026, रविवार को महाशिवरात्रि के पवित्र अवसर पर मुरादाबाद शहर में धार्मिक उल्लास देखने को मिलेगा। हिंदू मंडल किसरोल की ओर से शाम 7:30 बजे 84 घंटा मंदिर परिसर में भगवान पशुपतिनाथ की विशेष महाआरती का आयोजन तय किया गया है।

इस धार्मिक समारोह में शहर के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि विधायक रितेश गुप्ता, पुलिस अधीक्षक (नगर) कुमार रणविजय सिंह तथा अपर नगर आयुक्त आशुतोष राय विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। आयोजकों ने मुरादाबाद के सभी गणमान्य नागरिकों और शिव प्रेमियों से इस पावन बेला में शामिल होने की अपील की है।

हिंदू मंडल के जिलाध्यक्ष रजत शर्मा ने इस अवसर पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि सनातन संस्कृति की पहचान है। उन्होंने बताया कि भगवान भोलेनाथ की इस आरती से समाज में सकारात्मकता और शांति का माहौल बनेगा। यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है। उन्होंने सभी शिव उपासकों से परिवार सहित पहुंचकर आशीर्वाद लेने और पुण्य का लाभ उठाने की गुजारिश की है।

इस कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में मंडल के अध्यक्ष अरविंद अग्रवाल जॉनी, महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, कोषाध्यक्ष सत्यदेव शर्मा सहित उत्तर प्रदेश संयुक्त व्यापार मंडल के महामंत्री विपिन गुप्ता, एडवोकेट अतुल सोती और अन्य सदस्य अमित शर्मा, विशाल शर्मा, लक्की शर्मा एवं विकाश शर्मा सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजक समिति ने महानगर वासियों से इस पुण्य अवसर पर शामिल होने और भगवान पशुपतिनाथ की आरती का प्रसाद ग्रहण करने का सादर अनुरोध किया है।

Sharad Sharma

Senior Journalist & Chief Editor covering breaking national and international news stories.