मीरगंज में बाढ़ का कोई खतरा नहीं, जलस्तर में लगातार गिरावट: SDM निधि शुक्ला |

Share:

प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों का किया स्थलीय निरीक्षण; कहीं नहीं मिला जलभराव

बरेली/मीरगंज। तहसील मीरगंज क्षेत्र में बाढ़ और जलभराव को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही कथित भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों पर उपजिलाधिकारी (SDM) निधि शुक्ला ने स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि तहसील क्षेत्र में फिलहाल बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है और सभी आबादी वाले क्षेत्र सुरक्षित हैं।

संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण

SDM निधि शुक्ला के अनुसार, प्रशासनिक टीम द्वारा तहसील क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का लगातार स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों के साथ-साथ मुख्य मार्गों और संपर्क मार्गों का भी जायजा लिया गया।

प्रशासन के मुताबिक निरीक्षण के दौरान कहीं भी ऐसा जलभराव नहीं मिला, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा हो। क्षेत्र की स्थिति सामान्य बताई गई है।

नदी का जलस्तर लगातार घट रहा

उपजिलाधिकारी निधि शुक्ला ने बताया कि नदी का जलस्तर आबादी वाले क्षेत्रों से काफी दूर है और इसमें लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

उन्होंने कहा कि नदी से सटे कुछ निचले खेतों में पानी भरा हुआ था, लेकिन वहां से भी पानी तेजी से कम हो रहा है। ऐसे में लोगों को घबराने या अनावश्यक रूप से चिंतित होने की जरूरत नहीं है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

SDM ने क्षेत्रीय नागरिकों से अपील की है कि बाढ़ से संबंधित किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को बाढ़ से जुड़ी किसी सूचना, आशंका या अफवाह की जानकारी मिलती है, तो वह सीधे तहसील कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दे।

संवाददाता: लादेन मंसूरी
तृप्ति प्रमाण न्यूज

Share: