25 अक्टूबर को भाजपा के भूमिपूजन के बाद BVA ने भी किया पूजन; 47.70 मीटर लंबे पुल के निर्माण पर करीब 3.99 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान
वसई : वसई पूर्व के कामण स्थित चिंचोटी नदी पर बनने वाले नए पुल को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) के बीच श्रेय लेने की होड़ तेज हो गई है। 25 अक्टूबर को भाजपा की ओर से किए गए भूमिपूजन के बाद अब बहुजन विकास आघाड़ी की ओर से भी पुल निर्माण कार्य का पूजन किया गया। इसके साथ ही इस परियोजना को लेकर दोनों राजनीतिक दलों के बीच श्रेयवाद की लड़ाई खुलकर सामने आ गई है।
इस अवसर पर वसई-विरार के महापौर अजीव पाटील ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “गाड़ी में नारियल लेकर घूमने वालों को काम का कोई अध्ययन नहीं है। ओरिजिनल नारियल हमारा है।” उनके इस बयान को भाजपा की ओर से किए गए भूमिपूजन पर राजनीतिक कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चिंचोटी नदी पर बनने वाले नए पुल की लंबाई 47.70 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर होगी। इस परियोजना पर लगभग 3 करोड़ 99 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पुल निर्माण को 2 फरवरी 2026 को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद स्थायी समिति से स्वीकृति दी गई और निर्माण विभाग की ओर से कार्यादेश जारी किया गया।
इस पुल के निर्माण का ठेका मेसर्स हमीद शेख को दिया गया है। जारी कार्यादेश के अनुसार, निर्माण कार्य को एक वर्ष के भीतर पूरा करने की समयसीमा निर्धारित की गई है।
हालांकि, पुल निर्माण की प्रक्रिया और इसके लिए किए गए प्रयासों का श्रेय किसे मिलना चाहिए, इसे लेकर वसई-विरार की राजनीति गरमा गई है। भाजपा और बहुजन विकास आघाड़ी, दोनों ही इस परियोजना को लेकर अपनी भूमिका सामने रख रहे हैं।
वहीं, महापौर अजीव पाटील ने आश्वासन दिया है कि पुल का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर इसे आम नागरिकों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
अब देखना होगा कि राजनीतिक श्रेयवाद की इस लड़ाई के बीच चिंचोटी के नागरिकों को नए पुल की सुविधा वास्तव में कितनी जल्दी मिलती है।
रिपोर्ट: साहिल यादव
तृप्ति प्रमाण राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक


