रिपोर्ट: लादेन मंसूरी (संवाददाता)
न्यूज़ पोर्टल: तृप्ति प्रमाण
मीरगंज। हरिद्वार से पावन गंगाजल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक हेतु निकलने वाले कांवड़ियों व शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस व तहसील प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। हाइवे समेत प्रमुख मार्गो पर विशेष आश्रय स्थलों (कांवड़ शिविरों) की स्थापना की गई है, जहाँ शिवभक्तों के लिए ठहरने, पूजा-पाठ, कांवड़ स्टैंड, भोजन, प्रसाद और स्वास्थ्य चिकित्सा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, सफाई व आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त
सुरक्षा की दृष्टि से सभी प्रमुख शिविरों और मंदिरों के आसपास सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, स्वच्छता, निरंतर जल आपूर्ति और निर्बाध बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निकाय, ग्राम पंचायत, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं।
अधिकारियों ने शिविरों का लिया जायजा, खुद चखा प्रसाद
तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए सीओ अजय कुमार, एसएचओ रवि कुमार सिंह, एसडीएम निधि शुक्ला तथा तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ हाइवे पर स्थित शिविरों का दौरा किया और श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विशेष रूप से, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) के सहायक आयुक्त राहुल सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल और एफएसओ कमलेश कुमार शुक्ला के साथ तहसीलदार आशीष कुमार सिंह व नायब तहसीलदार सिमरन मथानिया ने कांवड़ियों को परोसे जाने वाले भोजन व प्रसाद को स्वयं चखकर उसकी शुद्धता और गुणवत्ता की गहनता से पड़ताल की। इसके उपरांत ही श्रद्धालुओं को भोजन परोसा गया।
शिवभक्तों के स्वागत के लिए तैयार हैं शिवालय: प्रशासन
तहसीलदार आशीष कुमार सिंह और एसएचओ रवि कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शिविरों और स्थानीय शिवालयों में सभी मूलभूत व सुरक्षा संबंधी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्र के सभी आश्रय स्थल कांवड़ियों की सेवा और स्वागत के लिए पूरी तरह से मुस्तैद हैं।