कुंदरकी (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के कुंदरकी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसेरा खास में रविवार दोपहर मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मवेशी (गाय) को रोकने के विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए। इस झड़प में एक महिला सहित कुल चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसेरा खास निवासी एक ग्रामीण की गाय गलती से पड़ोसी के अहाते में चली गई थी। आरोप है कि पड़ोसी ने गाय को जबरन वहां रोक लिया। जब गाय मालिक अपना मवेशी वापस लेने पहुंचा, तो इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहसबाजी ने उग्र रूप धारण कर लिया।
छत पर चले लाठी-डंडे, मची अफरा-तफरी
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और घर की छत पर लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। इस अचानक हुई मारपीट से इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना के दौरान किसी स्थानीय नागरिक ने इस पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो अब तेज़ी से वायरल हो रहा है।
पुलिस जांच और डॉक्टरी परीक्षण
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने सभी घायल व्यक्तियों को तुरंत उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए नज़दीकी अस्पताल भिजवाया। थाना पुलिस के अनुसार मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(डिस्क्लेमर: तृप्ति प्रमाण न्यूज़ पोर्टल वायरल वीडियो की सत्यता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।)
संवादाता अंकित पाल मुरादाबाद