मुरादाबाद:
संवाददाता: अंकित पाल
मुरादाबाद के बुद्धि विहार स्थित हनुमान वाटिका प्रांगण में सर्वप्रयास सीता रसोई ट्रस्ट के तत्वाधान में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 14 जुलाई 2026, मंगलवार को आयोजित इस तृतीय सुंदरकांड पाठ और विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु सम्मिलित हुए और भक्तिभाव से धर्मलाभ अर्जित किया।
हर 11 मंगलवार के बाद होता है महाआयोजन
सर्वप्रयास सीता रसोई ट्रस्ट के अध्यक्ष उदयभान सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक मंगलवार की संध्या को हनुमान वाटिका में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का नियमित आयोजन किया जाता है। इसी श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक 11 मंगलवार के पूर्ण होने पर सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन करने का संकल्प है। इसी क्रम में यह तृतीय सुंदरकांड पाठ आयोजित किया गया, जिसकी तैयारियों में संस्था के सभी सदस्य पिछले कई दिनों से पूरी निष्ठा के साथ जुटे हुए थे।
पंडित राजकुमार गोस्वामी के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
सुंदरकांड पाठ का वाचन सुविख्यात भजन गायक पंडित राजकुमार गोस्वामी जी के मुखारविंद से हुआ। दोपहर 4:30 बजे से ही श्रद्धालुओं का हनुमान वाटिका में आगमन शुरू हो गया था, और देखते ही देखते पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उपस्थित जनसमूह ने पंडित जी के भक्तिपूर्ण भजनों का रसपान किया और पूरी तरह भक्ति में सराबोर नजर आए। स्थानीय निवासियों ने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए सर्वप्रयास सीता रसोई ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
विशाल भंडारे के बाद स्वच्छता का दिया संदेश
सुंदरकांड की पूर्णाहुति के बाद श्रद्धालुओं की भारी मांग पर देर शाम तक मनोहारी भजनों का दौर चलता रहा। इसके उपरांत ट्रस्ट की ओर से एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों भक्तों ने पूरी श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद वितरण का यह सिलसिला रात्रि 9:00 बजे तक अनवरत चलता रहा।
सराहनीय बात यह रही कि भंडारा संपन्न होने के बाद संस्था के स्वयंसेवकों ने स्वच्छता का संदेश देते हुए समूचे प्रांगण और भंडारा स्थल की गहन सफाई की।
आयोजन में इन सदस्यों की रही मुख्य भूमिका
इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन को सफल बनाने में संस्था के समस्त पदाधिकारी व सदस्य मुस्तैद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनील कुमार शर्मा, हृदयेश सिंह, इंजीनियर सुनील शर्मा, उदयभान सिंह, विवेक पांडेय, दीपक गुप्ता, सुधांशु कौशिक, राकेश वर्मा, धीरज गुप्ता, सत्यप्रकाश वार्ष्णेय, राजेंद्र प्रसाद सक्सेना और शरद माथुर उपस्थित रहे। वहीं, महिला मंडल से कविता गुप्ता, सुप्रीत सिंह, जूही माथुर, शालिनी शर्मा, अंजू पांडेय, सीमा गुप्ता, जूही शर्मा और छाया गुप्ता सहित कई अन्य सदस्यों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।