श्रीमन साक्षी गोपाल दास जी महाराज ने सुनाया माखन चोरी और उखल लीला का प्रसंग; गिरिराज जी को अर्पित किया गया 56 भोग
मुरादाबाद: शहर के प्रसिद्ध शहनाई मंडप में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के षष्ठम दिवस में कथा व्यास पूज्य श्रीमन साक्षी गोपाल दास जी महाराज ने मंगलाचरण के उपरांत भगवान श्री कृष्ण की दिव्य बाल लीलाओं का रसपान कराया।
कथा व्यास महाराज श्री ने पूतना वध, शकटासुर वध और बकासुर वध का सजीव वर्णन किया। इसके पश्चात माखन चोरी और उखल लीला का प्रसंग सुनाते हुए उन्होंने बताया कि किस प्रकार माता यशोदा के वात्सल्य और भक्ति के आगे स्वयं पूर्ण ब्रह्म श्री कृष्ण ‘दामोदर’ बनकर प्रेम की डोर में बंध गए। उन्होंने यमला-अर्जुन के उद्धार की कथा भी श्रद्धालुओं को सुनाई। ‘छोटी-छोटी गईया छोटे-छोटे ग्वाल’ जैसे सुमधुर भजनों पर पूरा मंडप तालियों और जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
कथा के दूसरे चरण में भव्य गोवर्धन लीला का आयोजन किया गया, जहां गिरिराज जी का विधिवत पूजन कर उन्हें 56 भोग अर्पित किए गए। कथा के मुख्य यजमान श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल एवं पीयूष अग्रवाल ने गिरिराज जी की परिक्रमा कर आरती उतारी, जिसके पश्चात सभी भक्तों में 56 भोग का प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर बरेली से पधारे श्री संजय अग्रवाल, लखनऊ से नरेश अग्रवाल एवं भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष श्री मनोज गुप्ता जी ने कथा व्यास का माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में पादुका सेवा रमेश चंद्र यादव एवं भंडारे की व्यवस्था मूलचंद तोमर ने संभाली। इस दौरान रामरत्न, मनोज धवन, अजय गुप्ता, वैष्णव प्रिय दास, मनू रस्तोगी, सुधीर टंडन, अजय सहगल सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
संवाददाता: अंकित पाल (मुरादाबाद)
स्थान: शहनाई मंडप, मुरादाबाद
विशेष संदेश: आगे की सभी खबरों और त्वरित अपडेट्स के लिए हमारे ‘तृप्ति प्रमाण’ व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करना न भूलें।