तृप्ति प्रमाण न्यूज़, विरार। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को विरार पूर्व के शिरसाड फाटा पहुंचकर मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और प्रस्तावित उत्तन-विरार सी-लिंक परियोजना पर विस्तार से चर्चा की।
परिवहन और औद्योगिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि उत्तन-विरार सी-लिंक परियोजना वसई-विरार, पालघर और मुंबई महानगर क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाएगी। इसके पूरा होने से यातायात सुगम होगा, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा स्थानीय पर्यटन क्षेत्र को भी इस परियोजना से काफी फायदा पहुंचेगा।
आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर
इस मौके पर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि ये विकास कार्य क्षेत्र की प्रगति के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर लगातार काम कर रही है। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इन प्रमुख नेताओं और अधिकारियों की रही उपस्थिति
निरीक्षण दौरे के दौरान महाराष्ट्र सरकार के वन मंत्री और पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक, मत्स्य व्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश नारायण राणे, पालघर के सांसद डॉ. हेमंत विष्णु सवरा, नालासोपारा के विधायक राजन नाईक, भाजपा पालघर जिलाध्यक्ष भरत राजपूत और भाजपा वसई-विरार शहर जिलाध्यक्षा प्रज्ञा पाटिल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।