---Advertisement---

एवरशाइन सिटी में बाइकर्स का आतंक: स्कूलों के पास स्टंट और रैश ड्राइविंग से दहशत, अशरफ अली ने पुलिस को लिखा पत्र |

---Advertisement---

वसई-विरार (तृप्ति प्रमाण): एवरशाइन सिटी इलाके में तेज रफ्तार बाइकों और स्टंटबाज़ी का खौफ दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। इलाके के रहवासियों और अभिभावकों में भारी रोष है, जिसे देखते हुए महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमिटी के सामाजिक न्याय विभाग के प्रदेश सचिव अशरफ अली ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

किन इलाकों में मचा है आतंक?

अशरफ अली द्वारा पुलिस को सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि एवरशाइन सिटी लास्ट स्टॉप, होली फैमिली स्कूल, एवरशाइन सर्कल, दत्तात्रेय टॉवर-2, स्थानीय भाजी मंडी, स्टेशन रोड, सेक्टर-6 और कालिंदी इंग्लिश स्कूल से तालाब तक के मार्ग पर युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है। ये युवा मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करके कान फाड़ने वाला शोर मचाते हैं और खतरनाक स्टंट करते हैं।

बच्चों और बुजुर्गों की जान खतरे में

सबसे चिंताजनक बात यह है कि होली फैमिली और कालिंदी इंग्लिश स्कूल के खुलने और छुट्टी होने के समय इन बाइकर्स का आतंक चरम पर होता है। बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग जब सड़क पार करते हैं, तो तेज रफ्तार वाहनों के कारण कई बार भयानक हादसे होते-होते बचते हैं।

पुलिस से क्या है मांग?

इस गंभीर स्थिति पर काबू पाने के लिए अशरफ अली ने आचोले पुलिस स्टेशन और वसई-विरार यातायात शाखा से कई ठोस कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि:

  • उक्त सभी संवेदनशील स्थानों पर नियमित और गश्ती पुलिस बल तैनात किया जाए।
  • मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत नियम तोड़ने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जाए और उनके वाहनों को तुरंत जब्त किया जाए।
  • विशेष रूप से स्कूल के समय और शाम के वक्त यातायात पुलिस की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में होने वाले किसी भी बड़े हादसे को रोका जा सके।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh