संस्थापक सूरज विश्वकर्मा के लिए बच्चों ने रखा सरप्राइज, फूलों की वर्षा और आरती से किया स्वागत
मुंगराबादशाहपुर: निःशुल्क पाठशाला नौवाडाड़ी में शिक्षक दिवस का आयोजन अनोखे और भावुक अंदाज में किया गया। देर शाम आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी पाठशाला के संस्थापक एवं संचालक पत्रकार सूरज विश्वकर्मा के लिए सरप्राइज रखा।
आंखों पर पट्टी बांधकर कक्षा तक ले गए बच्चे
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सूरज विश्वकर्मा की आंखों पर पट्टी बांधी और उन्हें कक्षा तक लेकर पहुंचे। जैसे ही उनकी आंखों से पट्टी हटाई गई, बच्चों ने फूलों की वर्षा करते हुए आरती के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
बच्चों के इस अनोखे प्रेम और सम्मान से सूरज विश्वकर्मा भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि बच्चों का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी बच्चों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मासिक टेस्ट में सफल बच्चों को मिले मेडल
शिक्षक दिवस के अवसर पर पाठशाला में आयोजित मासिक टेस्ट में उत्तीर्ण बच्चों को मेडल प्रदान किए गए। इसमें दिव्य सिंह ने प्रथम, दृशा सिंह ने द्वितीय और आर्या मौर्या ने तृतीय स्थान हासिल किया।
तीन वर्षों से जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा देने का प्रयास
सूरज विश्वकर्मा ने बताया कि यह निःशुल्क पाठशाला पिछले तीन वर्षों से गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों का यह स्नेह उन्हें और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में रन्नो मौर्या, वन्दना मार्या, फूलकली मौर्या, गौरव सिंह, चन्दन सोनी सहित पाठशाला के सभी बच्चे और अभिभावक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: Tripti Pramaan