नालासोपारा, तृप्ति प्रमाण (राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक):
नालासोपारा में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। एफडीए की टीमों ने पान दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर कई जगहों पर कार्रवाई की है। इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में कानून का सख्ती से पालन कराने का माहौल देखा जा रहा है।
7 से 8 विशेष टीमें सक्रिय
जानकारी के अनुसार, वसई तालुका क्षेत्र में एफडीए ने गुटखा बिक्री की शिकायतों पर रोक लगाने के लिए 7 से 8 विशेष टीमें तैनात की हैं। ये टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। बुधवार को हुई कार्रवाई के दौरान 4 से 5 दुकानों की जांच की गई, जहां से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा और सुगंधित सुपारी जब्त की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाली इन दुकानों को तुरंत सील कर दिया गया।
गुजरात बॉर्डर पर विशेष निगरानी
सिर्फ स्थानीय दुकानों तक सीमित नहीं, बल्कि एफडीए ने गुटखा की अवैध तस्करी और सप्लाई चेन पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी भी शुरू कर दी है। गुजरात से नालासोपारा की ओर आने वाले संभावित गुटखा परिवहन पर रोक लगाने के लिए टोल नाकों पर विशेष पथक तैनात किए गए हैं, जो वाहनों की सघन जांच कर रहे हैं।
नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
अन्न सुरक्षा अधिकारी गौरी जयसिंगपुरे ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों की मानें तो जो भी व्यापारी या दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तृप्ति प्रमाण द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, आने वाले दिनों में यह सख्ती और बढ़ सकती है।