तृप्ति प्रमाण, राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक की विशेष रिपोर्ट
मुंबई: महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम उठाया है। नवी मुंबई इंटरनेशनल मेडिसिटी (एनएमआईएमसी) परियोजना के विकास के लिए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के साथ सामंजस्य करार (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पहल को स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए एक बड़ा और दिशा-निर्देशक कदम बताया है।
परियोजना की मुख्य विशेषताएं और निवेश
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के समीप लगभग 250 एकड़ भूमि पर इस मेडिसिटी का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में करीब 1.2 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश प्रस्तावित है। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के पूर्ण होने पर प्रत्यक्ष तौर पर 10,000 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का होगा केंद्र
इस मेडिसिटी को एक समग्र स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां रोगी सेवा, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे। परिसर के भीतर अत्याधुनिक अस्पताल, मेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज, क्लिनिकल रिसर्च सेंटर, बायोटेक्नोलॉजी सुविधाएं, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित स्वास्थ्य नवाचार केंद्र और वेलनेस इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल किए जाएंगे।
अंतरराष्ट्रीय साझेदारी और भूमिका
इस समझौते के तहत अमेरिका की प्रसिद्ध संस्था ‘क्लीवलैंड क्लिनिक’ प्रमुख स्वास्थ्य भागीदार होगी, जो अपने वैश्विक अनुभव से उच्चस्तरीय चिकित्सा सेवाएं, अनुसंधान और शिक्षा प्रदान करेगी। वहीं, ब्रुकफील्ड एसेट मैनेजमेंट परियोजना के बुनियादी ढांचे और वित्तीय निवेश की जिम्मेदारी संभालेगी। मुख्यमंत्री ने क्लीवलैंड क्लिनिक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. टॉम मिहाल्जेविक, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. समीर कपाड़िया और उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल का इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
‘हील इन इंडिया’ विजन को मिलेगी बढ़ावा
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हील इन इंडिया’ दृष्टिकोण के अनुरूप है। महाराष्ट्र सरकार ने इस परियोजना को समय पर मंजूरियां और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मेडिसिटी भारत को चिकित्सा, अनुसंधान और मेडिकल टूरिज्म के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।