तृप्ति प्रमाण : वसई-विरार शहर के नालासोपारा पश्चिम इलाके में शनिवार सुबह एक बड़ी घटना सामने आई। शनि मंदिर के पीछे खाली पड़ी जमीन पर उगी सूखी घास में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में फैली खेती और खाली जमीनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
धुएं की चादर में छिपीं ऊंची इमारतें
आग लगते ही पूरे परिसर में धुएं का घना गुबार छा गया। आसपास का वातावरण पूरी तरह धुएं से भर गया, जिससे दृश्यता (Visibility) काफी कम हो गई। इलाके की ऊंची-ऊंची इमारतें भी धुएं की मोटी चादर के पीछे ओझल हो गईं। सड़क से गुजरने वाले वाहन चालकों को वाहन चलाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं स्थानीय नागरिकों को भी सांस लेने में तकलीफ हुई।
फायर ब्रिगेड और स्थानीय युवाओं ने दिखाया साहस
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों के साथ स्थानीय युवाओं ने भी राहत कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी की संयुक्त मेहनत और समय रहते उठाए गए कदमों की बदौलत आग पर काबू पा लिया गया।
किसी भी तरह की जनहानि से रहा इलाका महफूज
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धुएं के कारण पूरे क्षेत्र में धुंध जैसी स्थिति बन गई थी और दूर तक कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। हालांकि, समय रहते आग पर काबू पा लेने की वजह से किसी भी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं है। आग बुझने के बाद भी कई घंटों तक इलाके में धुआं फैला रहा, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
नागरिकों की प्रशासन से मांग
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग सूखी घास में लगी थी। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और संबंधित विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि खाली पड़ी जमीनों और खुले क्षेत्रों की नियमित सफाई कराई जाए और वहां निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।