17 साल से फरार हत्या का आरोपी गिरफ्तार, मुलुंड पुलिस ने टिटवाला से दबोचा |

Share:

2009 में पुराने विवाद के चलते हथौड़े से सिर पर वार कर की गई थी हत्या; पहचान छिपाकर ठिकाने और मोबाइल सिम बदलता रहा आरोपी

मुंबई: मुंबई की मुलुंड पुलिस ने वर्ष 2009 में हुई हत्या के एक मामले में पिछले 17 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी फिरोज मोहम्मद सुलेमान शेख (39) को टिटवाला पूर्व से गिरफ्तार किया है। बिहार का मूल निवासी आरोपी पहचान छिपाकर निर्माण स्थल पर फिटर का काम कर रहा था और अपने परिवार के साथ रह रहा था।

पुराने विवाद में की गई थी हत्या

पुलिस के अनुसार, 20 जून 2009 को फिरोज, अफरोज और उनके दो अन्य साथियों ने कथित तौर पर आपसी साजिश के तहत मसकूर नामक व्यक्ति के सिर पर हथौड़े से वार कर उसकी हत्या कर दी थी।

मृतक और आरोपियों के बीच गांव की जमीन को लेकर पुराना विवाद था। इसके अलावा, काम के दौरान फिरोज के भाई की आंखों में चोट लगने और स्थायी रूप से दृष्टिहीन होने का मामला भी विवाद की वजह बताया गया है।

इस घटना के संबंध में मुलुंड पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 218/2009 के तहत भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 302 और 34 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

पहचान छिपाकर बदलता रहा ठिकाने और मोबाइल सिम

वारदात के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने और मोबाइल सिम बदलकर पुलिस से बच रहा था। पुलिस के अनुसार, बिहार में विकसित गुप्त सूचना तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी के टिटवाला के बनेली इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली।

इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे लक्ष्मण चॉल, कमरा नंबर 2 से गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संतोष घाटेकर की निगरानी में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक विनोद लभडे और उपनिरीक्षक स्वप्निल महाजन शामिल थे। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: