मुंबई। लोकप्रिय गायिका नेहा कक्कड़ संगीत आधारित शो I-POPSTAR Vol. 2 में बतौर मेंटर वापसी करने जा रही हैं। शो के दूसरे सीजन को लेकर नेहा उत्साहित हैं। उनका कहना है कि इस शो की खासियत यह है कि यहां प्रतिभागी सिर्फ गायक नहीं, बल्कि अपने गीत लिखने, संगीत तैयार करने और उसे प्रस्तुत करने वाले कलाकार भी हैं।

नेहा ने बताया कि वह इससे पहले कई म्यूजिक रियलिटी शोज में जज की भूमिका निभा चुकी हैं, लेकिन I-POPSTAR का फॉर्मेट उन्हें अलग और खास लगता है। शो में युवा कलाकारों को अपनी रचनात्मक क्षमता दिखाने के साथ लगातार नया संगीत तैयार करने का अवसर मिलता है।
आवाज के साथ रचनात्मकता पर भी फोकस
नई प्रतिभाओं को परखते समय नेहा सबसे पहले उनकी आवाज की गुणवत्ता और टेक्सचर पर ध्यान देना चाहती हैं। इसके बाद गायकी, मंच पर आत्मविश्वास और प्रस्तुति का अंदाज उनके लिए महत्वपूर्ण होगा। उनका मानना है कि स्वाभाविक और असली प्रतिभा मिलना किसी वरदान से कम नहीं है।
नेहा के मुताबिक, सफल कलाकार बनने के लिए सिर्फ अच्छी आवाज या शानदार परफॉर्मेंस काफी नहीं है। वह चाहती हैं कि शो में आने वाले कलाकार अच्छे इंसान भी हों। उनके अनुसार सकारात्मक सोच और अच्छा व्यवहार कलाकार के आसपास के माहौल को भी बेहतर बनाता है।

संगीत से दूरी और फिर वापसी पर की बात
अपने करियर के उस दौर को याद करते हुए नेहा ने बताया कि एक समय प्रशंसकों को लगा था कि वह पहले की तुलना में कम गाने रिलीज कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह दूरी उन्होंने खुद चुनी थी। वह कुछ समय के लिए संगीत से पीछे हटकर नई ऊर्जा के साथ वापस लौटना चाहती थीं।
अब नेहा नए गानों के साथ फिर से सक्रिय हैं और I-POPSTAR Vol. 2 में युवा प्रतिभाओं के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हैं।
कलाकारों को आगे बढ़ाने पर जोर
I-POPSTAR Vol. 2 में मेंटर के रूप में नेहा का लक्ष्य केवल प्रतिभाओं की पहचान करना नहीं, बल्कि उन्हें एक बेहतर कलाकार के रूप में विकसित करने में मदद करना भी है।
नेहा का कहना है कि यदि शो से जुड़े कलाकारों के गाने दर्शकों के बीच लोकप्रिय होते हैं और ट्रेंड करते हैं, तो यह उनके साथ-साथ पूरे शो के लिए भी बड़ी उपलब्धि होगी।
साहिल यादव




