---Advertisement---

पालघर: मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) की तारीख बढ़ाने की मांग, भारी बारिश का हवाला देकर AIMIM ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन |

---Advertisement---

नालासोपारा संवाददाता | तृप्ति प्रमाण

पालघर। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के वसई-विरार और पालघर जिला इकाई के पदाधिकारी अम्मार अब्दुल्लाह पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर डॉ. इंदू रानी जाखड़ से विशेष मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान के अंतर्गत ‘एन्यूमरेशन फॉर्म’ जमा करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने की पुरजोर मांग की और इस संबंध में एक आधिकारिक ज्ञापन सौंपा।

मूसलाधार बारिश और बाढ़ से थमा सर्वेक्षण काम

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे अम्मार पटेल ने जिलाधिकारी को जमीनी हकीकत से अवगत कराते हुए बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्देशानुसार यह विशेष पुनरीक्षण अभियान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक निर्धारित है। हालांकि, जून के अंतिम सप्ताह से ही वसई-विरार सहित पूरे पालघर जिले में हुई मूसलाधार बारिश के चलते कई रिहायशी इलाकों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे। भारी जलभराव, बिजली कटौती और इंटरनेट सेवाएं ठप होने के कारण बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के लिए घर-घर जाकर फॉर्म भरने और सत्यापन करने का काम पूरी तरह से प्रभावित हो गया।

80 फीसदी से अधिक काम अभी भी अधूरा

पटेल ने आगे बताया कि इस अभियान में जुटे अधिकांश बीएलओ प्राथमिक शिक्षक हैं। उन्हें पहले स्कूलों में अपने नियमित शैक्षणिक दायित्वों को पूरा करना होता है, जिसके बाद वे बचे हुए समय में एसआईआर (SIR) का यह महत्वपूर्ण काम संभालते हैं। प्राकृतिक बाधाओं और दोहरी जिम्मेदारी के चलते वर्तमान में लगभग 80 से 90 प्रतिशत काम अब भी अधूरा पड़ा है और बड़ी संख्या में योग्य मतदाताओं का सर्वे होना बाकी है।

पात्र मतदाताओं को न हो नुकसान

नागरिकों और फील्ड पर काम कर रहे बीएलओ की व्यवहारिक दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए, एआईएमआईएम ने मांग की है कि पंजीकरण की समय-सीमा बढ़ाई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार की सूची से वंचित न रह सके।

इस अवसर पर जमीअत उलेमा-ए-हिंद नालासोपारा के अध्यक्ष हाफिज इलियास, एआईएमआईएम की महिला जिला अध्यक्ष रुबीना अम्मार पटेल और प्रमुख समाजसेवक इकबाल शेख सहित कई गणमान्य लोग प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा रहे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh