---Advertisement---

पालघर में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी कार्यालय में जनगणना कक्ष का उद्घाटन |

---Advertisement---

पालघर, 1 मई: जनगणना 2027 के मद्देनजर पालघर जिले में प्रशासन ने डिजिटल युग का महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी कार्यालय में एक समर्पित जनगणना कक्ष की स्थापना की है। इस कक्ष का उद्घाटन वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक ने किया।
भारत की 16वीं जनगणना इस बार पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न होगी। नागरिक मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ‘स्वगणना’ की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। नागरिक वेबसाइट https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं की और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने इस अभियान के लिए एक विशेष जनगणना समिति का गठन किया है। जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड़ प्रधान जनगणना अधिकारी के रूप में इस प्रक्रिया का नेतृत्व कर रही हैं। वहीं, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे को जिला जनगणना अधिकारी और उपजिलाधिकारी (सा.प्र.) रणजित देसाई को अतिरिक्त जनगणना अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया CMMS पोर्टल के माध्यम से संचालित होगी और यह दो चरणों में पूरी की जाएगी:
पहला चरण: घर सूची एवं घर गणना
दूसरा चरण: जनसंख्या गणना
नागरिकों के लिए 1 मई से 15 मई 2026 तक स्वगणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर 33 प्रश्नों के आधार पर आधिकारिक जानकारी एकत्रित करेंगे।
इस बार की जनगणना में पहली बार जाति आधारित आंकड़े भी एकत्र किए जाएंगे, जिससे सामाजिक और आर्थिक नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। जिला मुख्यालय पर मास्टर ट्रेनरों द्वारा फिल्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि 23 अप्रैल से 8 मई तक प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण चल रहा है।
इसके अलावा, पालघर नगरपरिषद क्षेत्र के रामकृष्ण गार्डन सोसायटी परिसर में पालकमंत्री गणेश नाईक के हाथों स्वगणना अभियान का शुभारंभ भी किया गया।
कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र गावीत, जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड़, जिला परिषद सीईओ मनोज रानडे, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, पालघर नगरपरिषद अध्यक्ष उत्तम घरत, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे, उपजिलाधिकारी रणजित देसाई, शिक्षण समिति सभापति प्रियंका म्हात्रे, नियोजन समिति सभापति जस्वीन घरत, महिला बाल कल्याण सभापति शिल्पा बाजपेई, निर्माण समिति सभापति चंद्रशेखर वड़े, गटनेता भावानंद संखे, नगर प्रशासन जिला सह आयुक्त श्याम पोशट्टी सहित वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, नगरसेवक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पालकमंत्री गणेश नाईक और जिलाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड़ ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा, “कृपया स्वगणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और प्रगणकों को सही-सही जानकारी प्रदान करें। यह एक राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें हर नागरिक का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।”

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh