पालघर: पालघर जिले में सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से डैम (बांध) टूटने की फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़ ने स्थिति को पूरी तरह स्पष्ट करते हुए कहा कि कुर्जे डैम या गुजरात के किसी भी बांध के टूटने की जो खबरें प्रसारित की जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार, असत्य और भ्रामक हैं।
जिले के सभी डैम सुरक्षित, स्थिति सामान्य
जिलाधिकारी ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए बताया कि जिले के सभी डैम पूरी तरह सुरक्षित हैं और जलस्तर की स्थिति बिल्कुल सामान्य है। किसी भी बांध को लेकर किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन लगातार सभी बांधों की स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर बनाए हुए है।
अफवाह न फैलाएं, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर करें भरोसा
डॉ. इंदुराणी जाखड़ ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट और भ्रामक खबरों पर बिल्कुल विश्वास न करें और न ही इन्हें सोशल मीडिया पर आगे शेयर करें। ऐसी अफवाहों से समाज में अनावश्यक भय और भ्रम का माहौल पैदा होता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि केवल जिला प्रशासन और संबंधित सरकारी विभागों द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन और सूचनाओं पर ही भरोसा करें, ताकि जिले में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
तृप्ति प्रमाण | राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक
संवाददाता: साहिल यादव