पालघर: जिलाधिकारी कार्यालय, जिला परिषद पालघर और शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम बनाने के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। ‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर अभियान’ के अंतर्गत जिला परिषद के जननायक बिरसा मुंडा सभागार में निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह विशेष शिविर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिवस तथा पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय अजितदादा पवार की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।
154 दिव्यांगों का पंजीकरण, बांटे गए आधुनिक उपकरण
कार्यक्रम के दौरान कुल 154 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया, जिनके लिए 157 सहायक उपकरण स्वीकृत किए गए। इनमें बैसाखियां, वॉकर, व्हीलचेयर, इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल, कृत्रिम हाथ-पैर, श्रवण यंत्र (Hearing Aids) और सफेद छड़ियां शामिल हैं। प्रथम चरण में 74 लाभार्थियों को मौके पर सामग्री वितरित की गई, जबकि शेष लाभार्थियों को जल्द ही उपकरण सौंपे जाएंगे। 20 लाभार्थियों के कृत्रिम अंगों का माप भी लिया जा चुका है।
दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग: जिलाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंदुराणी जाखड़ ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने का पूर्ण अधिकार है। गुणवत्तापूर्ण सहायक उपकरण उनके दैनिक जीवन को आत्मनिर्भर और आसान बनाएंगे। उन्होंने शिक्षकों से विशेष रूप से अपील की कि वे कर्णबधिर बच्चों को श्रवण यंत्रों का सही उपयोग सिखाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करें।
प्रशासनिक सुविधाएं और UDID कार्ड पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मनोज रानडे ने UDID (यूनिवर्सल आईडी) कार्ड के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र दिव्यांगजन अपना कार्ड अवश्य बनवाएं ताकि सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए संबंधित विभाग को भूतल (Ground Floor) पर ही शिफ्ट कर दिया गया है।
इस अवसर पर उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी इजाज अहमद, शिवशक्ति सेवा फाउंडेशन के संयोजक राजेश दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी व्यंकटराव हुंडेकर और दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. प्रकाश हसनाळकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर: पराग यादव