पटना में आयोजित विशेष प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ
बिहार विधानसभा के विस्तारित भवन ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार विधान मंडल के सदस्यों के लिए एक विशेष प्रबोधन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। यह कार्यक्रम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के संवेदीकरण और ‘मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने योजना की बेहतर ट्रैकिंग के लिए परियोजना निगरानी प्रणाली (Project Monitoring System) वेब पोर्टल का भी आधिकारिक शुभारंभ किया।
सुशासन और पारदर्शिता में AI की महत्वपूर्ण भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक-आधारित सुशासन को मजबूत करने में डिजिटल नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार तकनीक-सक्षम और समृद्ध बिहार के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है। एआई और डिजिटल टूल्स के प्रयोग से विधायकों एवं विधान पार्षदों की कार्यकुशलता और क्षमता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता में सुधार आएगा।
बिहार को AI हब बनाने और नई नीति लाने का ऐलान
मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से एआई, कंप्यूटर और सोशल मीडिया तकनीकों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की कि जनप्रतिनिधियों और उनके सहायकों को समय-समय पर एआई और डिजिटल तकनीकों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने बिहार को एक प्रमुख एआई हब के रूप में विकसित करने और जल्द ही राज्य की नई ‘एआई पॉलिसी’ (AI Policy) लाने का भी बड़ा ऐलान किया।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता और विधानमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद (पटना)