ठाणे। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक तृप्ति प्रमाण।
ठाणे में स्थित पिंपलेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ा सालों पुराना विवाद अब समाप्त हो गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि विवादित पूरी भूमि अब मंदिर ट्रस्ट को सौंप दी गई है। उन्होंने इसे भक्तों की बड़ी जीत करार दिया। यह घोषणा उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित एक सम्मान समारोह के दौरान की।
विधिवत पूजा के बाद हुआ ऐलान
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मंदिर में की गई महापूजा से हुई। इसके बाद मंदिर ट्रस्ट और भक्त मंडल ने उनका पारंपरिक तरीके से सत्कार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को याद किया और सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे इस कार्य केवल माध्यम हैं और वास्तविक श्रेय भगवान महादेव को जाता है।
सरकार करेगी मंदिर के विकास में सहयोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मंत्रिमंडल के सहयोगियों और प्रशासन के प्रयासों से यह निर्णय संभव हो पाया। उन्होंने कहा कि पिंपलेश्वर महादेव मंदिर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व बहुत अधिक है। राज्य सरकार मंदिर की पुरानी विरासत को बचाने और उसके प्राचीन वैभव को पुनर्स्थापित करने के लिए विशेष कदम उठाएगी।
विकास कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
इस अवसर पर सांसद श्रीकांत शिंदे और विधायक रविंद्र चव्हाण ने मंदिर परिसर के विकास को लेकर कुछ प्रमुख मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने इन सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में उद्योग मंत्री उदय सामंत, विधायक किसन कथोरे, कुमार आयलानी, सुलभा गायकवाड, राजेश मोरे सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।