विरार। राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक तृप्ति प्रमाण। विरार पूर्व के चंदनसार इलाके में एक कुएं में गिरने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मंगलवार सुबह हुई इस घटना की जानकारी मिलते ही विरार पुलिस और फूलपाड़ा अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव कुएं से बाहर निकाला गया।
मध्य प्रदेश का था रहने वाला
मृतक की पहचान पुष्पेंद्र शौंधिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी था और पास के एक आरएमसी सीमेंट प्लांट में काम करता था। विरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक एल. एम. तुरे के अनुसार, पुष्पेंद्र पिछले दो दिनों से बीमार चल रहा था। सोमवार देर रात उसका स्थानीय अस्पताल में इलाज भी कराया गया था।
तबीयत खराब होने से गिरने की आशंका
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार सुबह युवक का ब्लड प्रेशर अचानक कम हो गया था। पुलिस को आशंका है कि तबीयत खराब होने के कारण उसका संतुलन बिगड़ा और वह पास के कुएं में गिर गया। घटना की सूचना सुबह करीब 10 बजे पुलिस को मिली, जिसके बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
आधार कार्ड से हुई पहचान
अग्निशमन दल ने जब शव को बाहर निकाला, तो जांच के दौरान युवक के पर्स से आधार कार्ड बरामद हुआ। इसी के आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, इस मामले में आकस्मिक मृत्यु यानी एडीआर (ADR) का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।