---Advertisement---

पर्यावरण संरक्षण पर विद्यार्थियों में जागरूकता, मगध विश्वविद्यालय का सराहनीय पहल |

---Advertisement---

पटना (तृप्ति प्रमाण ब्यूरो) – राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रकोष्ठ एवं आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC), मगध विश्वविद्यालय, बोधगया के संयुक्त तत्वावधान में सारथी गतिविधि कैलेंडर-2026 के तहत माध्यमिक विद्यालय तुरीकला में पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास को बढ़ावा देने हेतु एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं स्थानीय समुदाय को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, वृक्षारोपण, ऊर्जा एवं जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेष रूप से बच्चों को ‘सात आर’ सिद्धांत—पुनर्विचार (Rethink), अस्वीकार (Refuse), पुनः उपयोग (Reuse), कम उपयोग (Reduce), मरम्मत (Repair), पुनः उपहार (Regift) तथा पुनर्चक्रण (Recycle)—के बारे में सरल एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।

सारथी समन्वयक डॉ. एकता वर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, “पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सामूहिक जिम्मेदारी है। दैनिक जीवन में अपनाए गए छोटे-छोटे सकारात्मक बदलाव बड़े परिवर्तन की नींव रख सकते हैं।”

राष्ट्रीय शिक्षा नीति समन्वयक डॉ. प्रियंका सिंह ने पर्यावरण शिक्षा के पाठ्यक्रम में समावेश के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. पूनम सिंह ने स्वच्छता के आधारभूत नियमों एवं उसके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी तथा विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण संबंधी नारे लगवाए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. वंदना कुमारी ने अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री तैयार करने का प्रदर्शन कर बच्चों को नवाचार एवं पुनः उपयोग की प्रेरणा दी। डॉ. कविता कुमारी ने सामाजिक जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के आपसी संबंध पर विस्तार से चर्चा की।

सारथी टीम के सदस्य सौरभ, अंकुश, प्रेम, सुमित एवं राजलक्ष्मी ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, जल एवं ऊर्जा बचत तथा प्लास्टिक के न्यूनतम उपयोग का संकल्प लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, सारथी गतिविधि कैलेंडर-2026 के तहत आगामी माह में भी शैक्षणिक एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh