---Advertisement---

वसई के बिजली संकट पर विधानसभा में हंगामा, विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने सरकार से मांगी त्वरित कार्रवाई |

---Advertisement---

मुंबई/वसई, तृप्ति प्रमाण: वसई तालुका में पिछले एक सप्ताह से जारी गंभीर बिजली संकट का मुद्दा सोमवार को महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून सत्र में गूंज उठा। वसई की विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने सदन में क्षेत्र में हो रही लगातार बिजली कटौती, बार-बार ट्रिपिंग और ट्रांसफॉर्मर विस्फोट की घटनाओं को उठाते हुए सरकार से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की।

नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में

विधानसभा में विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने सदन को अवगत कराया कि मानसून शुरू होने के बाद से वसई की बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने बताया कि खोपवाड़ी, माणिकपुर, साईनगर और पाचूबंदर समेत कई क्षेत्रों में ट्रांसफॉर्मर फटने की घटनाएं सामने आई हैं। इन हादसों में महावितरण के कर्मचारी और कई नागरिक घायल हुए हैं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ा गहरा असर

बिजली संकट का सबसे बुरा प्रभाव वसई के औद्योगिक क्षेत्र पर पड़ा है। विधायक ने सदन में बताया कि पोमण औद्योगिक क्षेत्र में तो स्थिति इतनी गंभीर है कि एक ही दिन में बाईस बार बिजली ट्रिप हुई। इस बार-बार की ट्रिपिंग से वहां के लघु एवं मध्यम उद्योगों का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिसके कारण व्यापारियों और उद्योगपतियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

महावितरण की व्यवस्था पर उठे सवाल

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने इस स्थिति के लिए महावितरण की बिजली वितरण व्यवस्था में रखरखाव की कमी को मुख्य कारण बताया। उन्होंने सरकार से मांग की कि जर्जर विद्युत लाइनों और ओवरलोड ट्रांसफॉर्मरों को तत्काल बदला जाए। इसके अलावा, बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराई जाए और इसे युद्धस्तर पर सुधारा जाए।

सरकार पर दबाव

विधायक ने स्पष्ट किया कि वसई के नागरिकों, व्यापारियों और उद्योगों को निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। विधानसभा में इस मुद्दे के उठने के बाद अब प्रशासन पर इस संकट से निपटने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने का दबाव बढ़ गया है।

(संवाददाता: साहिल यादव)

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh