---Advertisement---

वसई: मांडवी जिला परिषद स्कूल में अभिभावकों ने जड़ा ताला, डेढ़ साल से एक ही शिक्षक के भरोसे चल रही थीं 4 कक्षाएं |

---Advertisement---

विरार:

पालघर जिले के वसई तालुका अंतर्गत मांडवी स्थित जिला परिषद प्राथमिक स्कूल में मूलभूत सुविधाओं के अभाव और शिक्षकों की भारी कमी को लेकर सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। प्रशासनिक लापरवाही से आक्रोशित अभिभावकों ने स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा दिया और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया।

डेढ़ साल से एक शिक्षक पर 100% आदिवासी बच्चों का जिम्मा

अभिभावकों का कहना है कि इस जिला परिषद स्कूल में दो शिक्षकों के पद स्वीकृत हैं। इसके बावजूद पिछले डेढ़ वर्षों से महज एक ही शिक्षक के भरोसे पहली से लेकर चौथी कक्षा तक का अध्यापन कार्य चल रहा है। इस स्कूल में 100 प्रतिशत विद्यार्थी आदिवासी समुदाय से आते हैं। मात्र एक शिक्षक होने के कारण बच्चों की नींव कमजोर हो रही है और उनकी पढ़ाई पर बेहद बुरा असर पड़ रहा है।

जर्जर भवन और शिकायतों की अनदेखी से उपजा आक्रोश

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि केवल शिक्षकों की कमी ही नहीं, बल्कि स्कूल भवन की हालत भी काफी जर्जर हो चुकी है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। इस संदर्भ में कई बार शिक्षा विभाग को लिखित और मौखिक रूप से सूचित किया गया, लेकिन अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगी।

परिसर के बाहर लगीं कक्षाएं, बड़े आंदोलन की चेतावनी

अभिभावकों द्वारा स्कूल में ताला लगा दिए जाने के बाद विद्यार्थियों को मजबूरी में स्कूल परिसर के बाहर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ी। अभिभावकों ने दोटूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नए शिक्षक की पदस्थापना और स्कूल की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में बच्चों को ले जाकर वहीं कक्षाएं शुरू करेंगे और उग्र आंदोलन करेंगे।

Join WhatsApp

Join Now

---Advertisement---
Rajesh