संवाददाता: नटवर झा
मीरा रोड:
मीरा भायंदर, वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के कनाकिया पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े अनैतिक देहव्यापार नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। बेवर्ली पार्क स्थित ‘ANS’ नामक स्पा सेंटर पर अचानक हुई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 5 महिलाओं को देहव्यापार के चंगुल से मुक्त कराया, वहीं मौके से 2 आरोपियों को धर दबोचा।
बेवर्ली पार्क में स्पा की आड़ में चल रहा था अनैतिक धंधा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कनाकिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बेवर्ली पार्क स्थित ANS स्पा सेंटर में ग्राहकों को सर्विस देने के नाम पर अनैतिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस की टीम ने सोमवार को स्पा सेंटर पर अचानक रेड मारी, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
5 महिलाएं छुड़ाई गईं, 2 आरोपी सलाखों के पीछे
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा से 5 पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें पुनर्वास के लिए भेजा। वहीं, इस अनैतिक कार्य में संलिप्त 2 पुरुष आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया है।
आला अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
मीरा रोड के डीसीपी राहुल चव्हाण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि यह सफल कार्रवाई एसीपी गणपत पिंगले के कुशल मार्गदर्शन में उनकी टीम द्वारा अंजाम दी गई है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस बात का पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य अवैध स्पा संचालकों में खौफ का माहौल है।