फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू; घटनास्थल पर कूलिंग का काम जारी
नालासोपारा : मुंबई से सटे नालासोपारा के सोपारा फाटा स्थित घरत कंपाउंड में एक कंपनी के वेस्ट मटेरियल में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और इलाके में हड़कंप का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां घटनास्थल पर तैनात की गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
आग बुझाने के बाद घटनास्थल पर कूलिंग का काम जारी रखा गया, ताकि आग पूरी तरह शांत होने की पुष्टि की जा सके और दोबारा लपटें उठने की आशंका को रोका जा सके।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि को लेकर भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। कंपनी के वेस्ट मटेरियल को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका आकलन किया जाना बाकी है।
अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल पर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग लगने के कारणों और नुकसान की वास्तविक जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी।
रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी


