वसई-विरार में 24 घंटे के भीतर 5 लोगों की मौत, रेल हादसों से मचा हड़कंप |

Share:

वसई से वैतरणा के बीच चार लोगों की रेल दुर्घटनाओं में गई जान, एक की प्राकृतिक कारणों से मौत; इस वर्ष अब तक 153 मौतें दर्ज

वसई। पश्चिम रेलवे के उपनगरीय रेल मार्ग पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ और रेलवे पटरियां पार करने जैसी घटनाओं के बीच हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। वसई रेलवे पुलिस थाना क्षेत्र में महज 24 घंटे के भीतर पांच लोगों की मौत का मामला सामने आया है। इनमें चार लोगों की जान रेल दुर्घटनाओं में गई, जबकि एक व्यक्ति की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की शाम करीब 6 बजे विरार रेलवे स्टेशन पर 35 वर्षीय एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। इसी दिन रात करीब 10:45 बजे वसई और नालासोपारा के बीच रेलवे पटरी पार करते समय 65 वर्षीय व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

रात करीब 11 बजे इसी दौरान हुए एक अन्य हादसे में 30 वर्षीय संजय राय गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके बाद 12 नवंबर की सुबह करीब 8:40 बजे वैतरणा और विरार के बीच 61 वर्षीय व्यक्ति को ट्रेन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, सुबह करीब 10:30 बजे वसई रेलवे स्टेशन के पास चलती लोकल ट्रेन से गिरने के कारण 35 वर्षीय दिलीप मिश्रा की जान चली गई।

मृतकों के परिजनों की तलाश जारी

रेलवे पुलिस के अनुसार, मृतकों में से दो की पहचान के बाद उनके परिजनों का पता लगा लिया गया है, जबकि अन्य मृतकों के वारिसों की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि वसई रेलवे पुलिस थाना क्षेत्र में चालू वर्ष के दौरान अब तक 153 मौतों के मामले दर्ज किए जा चुके हैं। विरार, नालासोपारा, वसई और नायगांव से मुंबई की ओर जाने वाली लोकल ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे प्रशासन के सामने यात्री सुरक्षा की चुनौती को और बढ़ा दिया है। यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे पटरियों को पार करने से रोकने और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रभावी कदम उठाने की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।

रिपोर्ट: ब्यूरो चीफ राजेश कोरी | तृप्ति प्रमाण

Share: