गणेशोत्सव के दौरान गंदगी और दुर्गंध से नागरिक परेशान, मनपा की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
वसई-विरार। गणेशोत्सव के बीच वसई-विरार शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नागरिकों की शिकायतें सामने आ रही हैं। विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर जमा होने और घरों से नियमित कूड़ा नहीं उठाए जाने के आरोपों के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि कई क्षेत्रों में कूड़ा संग्रहण करने वाली गाड़ियां तीन से चार दिन के अंतराल पर पहुंच रही हैं।

शहर की सफाई व्यवस्था के लिए वसई-विरार शहर महानगरपालिका (VVCMC) की ओर से ठेकेदार के माध्यम से काम कराया जा रहा है। इसके बावजूद कुछ इलाकों में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
नियमित कूड़ा संग्रहण नहीं होने का आरोप
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, पहले उनके क्षेत्रों में घंटा गाड़ियां नियमित रूप से चाली और सोसायटियों के पास पहुंचती थीं। इससे लोग अपने घरों का कूड़ा समय पर कूड़ा गाड़ी में डाल देते थे। लेकिन अब कई जगहों पर कूड़ा संग्रहण वाहनों के आने का कोई निश्चित समय नहीं है।

नागरिकों का आरोप है कि कई इलाकों में वाहन तीन से चार दिन के अंतराल पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते घरों में कई दिनों तक कूड़ा जमा रखना पड़ रहा है। गणेशोत्सव के दौरान यह समस्या और गंभीर होने की बात कही जा रही है। जमा कूड़े से दुर्गंध फैलने के कारण नागरिकों और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद समस्या बरकरार
स्थानीय रहिवासियों का कहना है कि सफाई और कूड़ा संग्रहण में अनियमितता को लेकर मनपा प्रशासन से शिकायतें की गई हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
नागरिकों का सवाल है कि जब शहर की सफाई व्यवस्था के लिए ठेकेदार के माध्यम से बड़ी राशि खर्च की जा रही है, तो नियमित कूड़ा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित क्यों नहीं हो पा रही है।

लोगों ने मनपा प्रशासन से मांग की है कि सभी इलाकों में घंटा गाड़ियों की नियमित आवाजाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही, जहां कूड़ा जमा है, वहां तत्काल उठाव कर सफाई कराई जाए, ताकि गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
सफाई विभाग ने क्या कहा?
वहीं, मनपा के स्वच्छता विभाग का कहना है कि फिलहाल शहर में सफाई व्यवस्था ठेकेदार के माध्यम से कराई जा रही है। विभाग के अनुसार, जिस इलाके से शिकायत प्राप्त हो रही है, वहां कूड़ा गाड़ी भेजकर दोबारा सफाई कराई जा रही है।
अब देखना होगा कि नागरिकों की शिकायतों के बाद मनपा प्रशासन कूड़ा संग्रहण की नियमितता और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्या कदम उठाता है।




