वसई-विरार में अवैध धंधों और बढ़ते अपराध पर सख्ती की तैयारी, ट्रैफिक समस्या के समाधान पर भी जोर |

Share:

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने डीसीपी अशोक विरकर के साथ की अहम बैठक; देह व्यापार से जुड़े 79 मामले दर्ज होने और चार लॉज सील किए जाने की जानकारी

वसई | रिपोर्ट : साहिल यादव

वसई-विरार क्षेत्र में अवैध कारोबार, देह व्यापार, मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध फेरीवालों, हाईवे पर आपराधिक गतिविधियों और बढ़ती यातायात समस्या को लेकर विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने पुलिस उपायुक्त (परिमंडल-2) अशोक विरकर के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

विधायक ने क्षेत्र में सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखते हुए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।

रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील इलाकों में निगरानी का आश्वासन

बैठक में पुलिस प्रशासन की ओर से नियमित रात्रि गश्त शुरू करने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान अवैध देह व्यापार से संबंधित अब तक 79 प्रकरण दर्ज होने की जानकारी दी गई। साथ ही गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोपों के चलते चार लॉज सील किए जाने की बात भी सामने आई।

हाईवे पर जांच और अवैध फेरीवालों के खिलाफ कार्रवाई

बैठक में हाईवे क्षेत्रों में पुलिस और यातायात विभाग द्वारा नियमित जांच करने पर चर्चा हुई। अवैध फेरीवालों के खिलाफ मामले दर्ज करने तथा सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने की कार्रवाई करने की बात कही गई।

इसके अलावा वाइन शॉप के आसपास होने वाली कथित आपराधिक गतिविधियों तथा मादक पदार्थों की बिक्री और सेवन रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी चर्चा की गई।

ट्रैफिक जाम और अवैध पार्किंग पर सख्ती की मांग

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने वसई-विरार में बढ़ती यातायात समस्या, अनियंत्रित पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने बताया कि यातायात विशेषज्ञों के साथ चर्चा कर स्थायी समाधान के उपाय भी तय किए गए हैं। इन उपायों को जल्द लागू करने की दिशा में कार्रवाई किए जाने की बात कही गई।

बैठक में भाजपा के कई पदाधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा वसई-विरार जिला सचिव प्रवीण गावडे, वसई रोड मंडल अध्यक्ष एवं नगरसेवक महेश सरवणकर, नगरसेवक प्रदीप पवार, नगरसेविका अपर्णा पाटील सहित दीपक शर्मा, संतोष काकड़, कल्पेश पांडे, साईराज पवार और अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विधायक स्नेहा दुबे पंडित ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ लगातार समन्वय और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

Share: