CSR के जरिए संवरेगा वसई-विरार शहर, उद्यमियों और डेवलपर्स ने दिखाई रुचि |

Share:

महापौर अजीव पाटील और आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. की उपस्थिति में बैठक; चौक, डिवाइडर और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी लेने का आह्वान

वसई : वसई-विरार शहर को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से महानगरपालिका ने शहर के उद्यमियों और डेवलपर्स के साथ मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में शहर के विभिन्न चौक, सड़क डिवाइडर और सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) निधि के माध्यम से कराने की अपील की गई।

बैठक में महापौर अजीव पाटील, आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (आईएएस), उपमहापौर मार्शल लोपिस, अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे सहित संबंधित अधिकारी, उद्यमी और डेवलपर्स उपस्थित रहे।

बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध जगहों का बेहतर उपयोग करते हुए स्थानीय विशेषताओं के अनुरूप सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर चर्चा की गई। महानगरपालिका उद्यमियों और डेवलपर्स को स्थान निर्धारित करके देगी, जहां वे CSR निधि से आकर्षक विकास कार्य करा सकेंगे। इन परियोजनाओं के निर्माण के साथ-साथ उनके दीर्घकालीन रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित संस्थाओं को उठानी होगी।

महानगरपालिका की अपील पर कई उद्यमियों और डेवलपर्स ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी लेने के लिए अपने पत्र भी सौंपे।

इस पहल से महानगरपालिका के नियमित बजट पर अतिरिक्त बोझ डाले बिना शहर के विकास और सौंदर्यीकरण को गति मिलने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि प्रस्तावित स्थलों पर विकास कार्य कब शुरू होते हैं और शहर की तस्वीर बदलने में यह CSR पहल कितनी प्रभावी साबित होती है।

Share: