विरार

विरार में देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार: अपराध शाखा ने बिछाया जाल, फल विक्रेता निकले हथियार तस्कर |

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

विरार: विरार पूर्व स्थित गोपचरपाड़ा इलाके में अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त करने पहुंचे दो युवकों को अपराध प्रकटीकरण कक्ष-3 (क्राइम ब्रांच) की टीम ने धर दबोचा। आरोपियों की घेराबंदी कर जब उनकी तलाशी ली गई, तो उनके पास से एक अवैध देसी पिस्तौल (कट्टा) और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जब्त कट्टे और कारतूस की अनुमानित कीमत करीब 35,500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने बिछाया जाल, दो आरोपी हिरासत में

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को पुलिस हवलदार सुनील पाटील को पक्की गुप्त सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक हथियार बेचने के उद्देश्य से गोपचरपाड़ा की मकवाना बिल्डिंग के पास आने वाले हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देश में पुलिस निरीक्षक शाहुराज रणवरे, सहायक पुलिस निरीक्षक अमोल तळेकर और उनकी टीम ने मौके पर जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

पेशे से फल विक्रेता हैं आरोपी, आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहनवाज मोलीम बागवान (21) और गोविंदा सदानंद गुप्ता (19) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि दोनों पेशे से फल विक्रेता हैं। पुलिस तलाशी में शाहनवाज के पास से हथियार बरामद किया गया। विरार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वे यह हथियार कहां से लाए थे।

Sanjay Jaiswal

संपादक समाचार जगत की रीढ़ होते हैं, जो निष्पक्ष, सटीक और प्रमाणिक जानकारी पाठकों तक पहुँचाते हैं। वे खबरों की गहन जाँच-पड़ताल कर समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।