निर्माण व्यवसायी का अपहरण कर 10 लाख की फिरौती मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार |

Share:

विरार/नालासोपारा: निर्माण व्यवसायी का कथित रूप से अपहरण कर पिस्टल का भय दिखाकर 10 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण लेने के मामले में गुन्हे प्रकटीकरण कक्ष-3, विरार की टीम ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार, फर्जी नंबर प्लेट, 10 लाख रुपये नकद और 71.04 ग्राम सोने के आभूषण समेत करीब 40.75 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को आरोपी रोहित और उसके दो साथियों ने निर्माण व्यवसायी को निर्माण स्थल पर दुकान खरीदने का झांसा देकर नालासोपारा पूर्व स्थित होटल रेड कारपेट में बुलाया। आरोप है कि होटल में पहुंचने के बाद आरोपियों ने उसे जबरन क्रेटा कार में बैठाया और रिवॉल्वर के बल पर उसका अपहरण कर लिया।

इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर सुरक्षित छोड़ने के बदले 10 लाख रुपये नकद और व्यवसायी द्वारा पहने गए सोने के आभूषण ले लिए गए।

घटना की शिकायत के आधार पर पेल्हार पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद गुन्हे प्रकटीकरण कक्ष-3 की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर समानांतर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर रोहित सुभाष जांगीड़ (27) और वंश शिवकुमार गुप्ता उर्फ मोनू (21) को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल क्रेटा कार, फर्जी नंबर प्लेट, 10 लाख रुपये नकद और 71.04 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए। बरामद माल की कुल कीमत करीब 40.75 लाख रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पेल्हार पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

Share: