पालघर: पालघर जिले की महत्वाकांक्षी वाढवण बंदरगाह (Wadhwan Port) परियोजना को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड राजमार्ग के सर्विस रोड निर्माण कार्य को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी अपडेट दी है। प्रशासन के अनुसार, सर्विस रोड का काम संतोषजनक और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रहा है। पालघर तालुका में काम की शुरुआत हो चुकी है, जबकि डहाणू में मैंग्रोव (खारफुटी) से संबंधित आवश्यक अनुमति मिलते ही कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
24 गांवों में चल रहा भूमि अधिग्रहण
राष्ट्रीय महत्व की इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 के तहत पारदर्शिता के साथ की जा रही है। इस परियोजना के लिए डहाणू और पालघर तालुका के कुल 24 गांवों की 604.74 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है। जिला प्रशासन ने जानकारी दी कि अब तक लगभग 286 हेक्टेयर भूमि का सफलतापूर्वक अधिग्रहण कर कब्जा ले लिया गया है। इसमें डहाणू में 157 हेक्टेयर और पालघर में 128 हेक्टेयर भूमि शामिल है। शेष भूमि का अधिग्रहण भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
कानूनी प्रक्रिया और मुआवजे का वितरण
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया में कानूनी सावधानी बरती जा रही है। नोटिस जारी करने से लेकर सुनवाई, सत्यापन और मुआवजे के मूल्यांकन तक, हर कदम पर कानून का पालन किया गया है। प्रभावित किसानों और भूमि मालिकों को मुआवजे का वितरण और अदालत में राशि जमा करने की प्रक्रिया भी कुशलता से पूरी की गई है।
विकास और रोजगार का केंद्र बनेगा क्षेत्र
यह परियोजना क्षेत्र के बुनियादी ढांचे में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रशासन का मानना है कि इससे न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे भारत के लिए व्यापार और आर्थिक विकास के नए द्वार खुलेंगे। साथ ही, स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। जिला प्रशासन ने सभी हितधारकों के सहयोग से इस परियोजना को पारदर्शी तरीके से पूरा करने का संकल्प दोहराया है।