‘दिया और बाती हम’ की भाभो अब दिखेंगी नए अंदाज में
टीवी की मशहूर अभिनेत्री नीलू वाघेला, जिन्हें दर्शक ‘दिया और बाती हम’ में ‘भाभो’ के ऐतिहासिक किरदार के लिए आज भी याद करते हैं, अब स्टार प्लस के सबसे लंबे चलने वाले धारावाहिक ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नजर आने वाली हैं। शो में आने वाले लीप के बाद नीलू वाघेला एक नई फैमिली के साथ एंट्री करेंगी और कहानी में मुख्य कड़ी के रूप में पड़दादी की महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
राजन शाही के साथ काम करने की इच्छा हुई पूरी
नीलू वाघेला ने शो से जुड़ने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वह लंबे समय से निर्माता राजन शाही के साथ काम करना चाहती थीं। करीब 18 वर्षों से दर्शकों के दिलों पर राज कर रहे इस शो का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि उनका किरदार परिवार में बहू, बेटे और पोते के साथ मिलकर शो में नई ऊर्जा, भावनाएं और पारिवारिक ड्रामा लेकर आएगा।
सेट पर हुआ भव्य हवन, टीम ने किया गर्मजोशी से स्वागत
रोहित पुरोहित और समृद्धि शुक्ला जैसे कलाकारों के साथ काम करने के अनुभव को नीलू ने काफी प्रेरणादायक बताया। शो की नई शुरुआत और नई फैमिली के स्वागत के लिए सेट पर विशेष हवन का आयोजन भी किया गया था। नीलू वाघेला ने उम्मीद जताई है कि पिछले 18 सालों से दर्शकों ने जिस तरह इस शो को प्यार दिया है, वे उनके इस नए परिवार और पड़दादी के किरदार को भी वही स्नेह देंगे।
संवाददाता: साहिल यादव