बिग बॉस 20 में आम्रपाली दुबे का बेबाक अंदाज, अरिश्फा खान से तीखी नोकझोंक |

Share:

‘बच्ची’ कहे जाने पर भड़कीं अरिश्फा खान, टिप्पणी को लेकर बढ़ी बहस; माहि विज ने भी लिया हिस्सा

मुंबई: रियलिटी शो बिग बॉस 20 के घर में शुरुआत से ही विवाद और तकरार देखने को मिल रही है। 8 सितंबर के एपिसोड में भोजपुरी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे और अरिश्फा खान के बीच एक टिप्पणी को लेकर तीखी बहस हो गई। इस दौरान माहि विज भी बातचीत का हिस्सा बनीं, जिसके बाद घर का माहौल कुछ देर के लिए गर्म हो गया।

‘बच्ची’ कहने पर शुरू हुआ विवाद

विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब आम्रपाली दुबे ने अरिश्फा खान को ‘बच्ची’ कहकर संबोधित किया। अरिश्फा ने इस संबोधन पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनके साथ बच्चे की तरह व्यवहार नहीं किया जाना चाहिए।

इसके बाद दोनों के बीच जवाबी बातचीत शुरू हो गई और मामला धीरे-धीरे तीखी बहस में बदल गया।

आम्रपाली ने दिया बेबाक जवाब

बहस के दौरान अरिश्फा ने खुद को आम्रपाली से ज्यादा तेज दिमाग वाला बताया। आम्रपाली ने भी पीछे हटने के बजाय अपने बेबाक अंदाज में जवाब दिया।

सोशल मीडिया से जुड़े अरिश्फा के व्यक्तित्व पर टिप्पणी करते हुए आम्रपाली ने तंज कसा, “रील कट रही है।” उनकी इस टिप्पणी के बाद दोनों के बीच बहस और तीखी हो गई।

‘हाइपोक्रिट’ कहे जाने पर आम्रपाली का पलटवार

मामला उस समय और बढ़ गया जब अरिश्फा ने आम्रपाली को ‘हाइपोक्रिट’ कह दिया। इसके जवाब में आम्रपाली ने सवाल उठाया कि यदि अरिश्फा किसी को इस तरह संबोधित कर सकती हैं, तो उन्हें ‘बच्ची’ कहे जाने पर आपत्ति क्यों है।

बहस के दौरान दोनों के बीच व्यवहार, सोच और संस्कार जैसे मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई।

माहि विज ने भी बातचीत में लिया हिस्सा

इस पूरे घटनाक्रम के दौरान माहि विज भी बातचीत का हिस्सा बनीं और उन्होंने स्थिति को समझने की कोशिश की। हालांकि, उनके हस्तक्षेप के बावजूद आम्रपाली और अरिश्फा के बीच बहस कुछ समय तक जारी रही।

आम्रपाली का मुखर अंदाज आया सामने

पूरे विवाद में आम्रपाली दुबे का अंदाज स्पष्ट और आत्मविश्वास से भरा नजर आया। उन्होंने अपनी बात खुलकर रखी और सवालों का भी बेबाकी से जवाब दिया।

भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली बिग बॉस 20 में अपने व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलू दर्शकों के सामने रख रही हैं। जहां वह घर में मस्ती और सहज अंदाज में नजर आती हैं, वहीं इस विवाद ने उनका मुखर और बेबाक पक्ष भी सामने ला दिया।

आम्रपाली और अरिश्फा के बीच हुई यह नोकझोंक बिग बॉस 20 के शुरुआती चर्चित विवादों में शामिल हो गई है। एक छोटी-सी टिप्पणी से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गया और दोनों के व्यवहार को लेकर घर में चर्चा का विषय बन गया।

रिपोर्ट: साहिल यादव

Share: