प्रह्लाद घाट के बाल विद्यालय में हुआ आयोजन, विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ लिया हिस्सा
वाराणसी: राष्ट्रकवि सुब्रह्मण्यम भारती की 105वीं पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को प्रह्लाद घाट स्थित बाल विद्यालय माध्यमिक स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संस्था काशी कावड़ी अट्टम ट्रस्ट एनजीओ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का विषय राष्ट्रकवि सुब्रह्मण्यम भारती के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर केंद्रित रहा।
दीप प्रज्ज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जूना अखाड़ा के महंत स्वामी मुक्तानंद पुरी जी महाराज, विद्यालय के निदेशक मन्जुल पांडेय और प्रधानाचार्या श्रीमती स्नेहलता पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान विद्यालय के निदेशक मन्जुल पांडेय ने अतिथियों का अंगवस्त्रम और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
विद्यार्थियों ने भारती के व्यक्तित्व पर रखे विचार
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्रा वृत्तिका वर्मा और चंद्रशेखर नावड ने राष्ट्रकवि सुब्रह्मण्यम भारती के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
इसके बाद आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

प्रतियोगिता में खुशी गुप्ता ने प्रथम, आराध्या केसरी ने द्वितीय और खदिजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सारा परवीन और उमे अबिहा को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की चित्रकला अध्यापिका श्वेता तिवारी एवं चंदन सर का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक चक्रवर्ती विजय नावड ने किया। इस अवसर पर स्वामी सुरेश, नारायण यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण मौजूद रहे।



