मुरादाबाद। दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर एक नॉनवेज होटल को बंद कराने की मांग को लेकर भाजपा नेता सुधांशु कौशिक के पहुंचने के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आई है।
बताया गया है कि रविवार रात करीब 10 बजे सुधांशु कौशिक समर्थकों के साथ होटल पहुंचे और संचालक से दुकान बंद करने के लिए कहने लगे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ कहासुनी होने की बात भी सामने आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, नॉनवेज भोजन कर रहे लोगों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। साथ ही होटल को किसी भी कीमत पर नहीं चलने देने की बात कहे जाने का भी आरोप है।
हंगामे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बताया जा रहा है कि यह होटल दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर साईं अस्पताल के पास हाल ही में शुरू हुआ था।
फिलहाल मामले में सामने आए आरोपों और वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस स्तर पर आगे की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है।
संवाददाता : अंकित पाल, मुरादाबाद




