वसई-विरार में पांच दिवसीय गणपति विसर्जन भावपूर्ण माहौल में संपन्न |

Share:

8,068 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, कृत्रिम तालाबों को मिला नागरिकों का उत्स्फूर्त समर्थन

वसई-विरार, 19 सितंबर 2026। वसई-विरार शहर महानगरपालिका क्षेत्र में पांच दिवसीय गणेशोत्सव के समापन पर शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए महानगरपालिका द्वारा तैयार किए गए कृत्रिम तालाबों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया।

महानगरपालिका के अनुसार, पांच दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान कुल 8,068 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें 7,523 घरेलू और 545 सार्वजनिक गणेश प्रतिमाएं शामिल रहीं।

कुल प्रतिमाओं में से 7,189 प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया गया, जबकि 879 प्रतिमाओं का विसर्जन महानगरपालिका द्वारा उपलब्ध कराई गई जेटी, घूमते विसर्जन हौद और बंद पत्थर खदानों में किया गया।

कृत्रिम तालाबों को नागरिकों की प्राथमिकता

महानगरपालिका की ओर से पर्यावरण अनुकूल गणेशोत्सव को लेकर लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया गया था। इसके साथ ही शहर के विभिन्न हिस्सों में कृत्रिम तालाब तैयार कर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

महानगरपालिका के अनुसार, इन प्रयासों का सकारात्मक असर विसर्जन के दौरान देखने को मिला और बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्राकृतिक जलस्रोतों के बजाय कृत्रिम तालाबों को प्राथमिकता दी।

विसर्जन स्थलों पर की गईं विशेष व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थलों पर मंडप, आरती स्थल, प्रकाश व्यवस्था, गणेश प्रतिमा संकलन केंद्र, निर्माल्य कलश, चिकित्सा सहायता कक्ष और CCTV कैमरों सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं।

इसके अलावा नागरिकों को नजदीकी विसर्जन स्थल की जानकारी और वहां तक पहुंचने का मार्ग आसानी से मिल सके, इसके लिए प्रत्येक विसर्जन स्थल का Google Location QR Code के माध्यम से उपलब्ध कराया गया था।

पर्यावरण संरक्षण पर महानगरपालिका का जोर

महानगरपालिका क्षेत्र में पर्यावरण अनुकूल गणेशोत्सव को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों को इस वर्ष नागरिकों का सहयोग मिला। महानगरपालिका के अनुसार, महापौर अजीव पाटील और आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में विभिन्न विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।

महानगरपालिका ने नागरिकों से आगामी दिनों में होने वाले गणेश विसर्जन के दौरान भी कृत्रिम तालाबों को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही न्यायालय एवं शासन के निर्देशों का पालन करते हुए पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने और प्राकृतिक जलस्रोतों को होने वाली संभावित क्षति को रोकने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया है।

रिपोर्ट : साहिल यादव
राष्ट्रीय हिंदी साप्ताहिक – तृप्ति प्रमाण

Share: