कुकुड़ीपुर शिव मंदिर परिसर में आयोजित दंगल में 80 से अधिक पहलवानों ने कराया पंजीकरण, कई मुकाबले बराबरी पर छूटे
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुकुड़ीपुर स्थित शिव मंदिर प्रांगण में प्रसिद्ध दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों और राज्यों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। आयोजकों के अनुसार 80 से अधिक पहलवानों ने पंजीकरण कराया, जबकि कई मुकाबले रोमांचक रहे और करीब एक दर्जन कुश्तियां बराबरी पर समाप्त हुईं।
प्रतियोगिता के प्रमुख मुकाबले में जौनपुर के गया पहलवान ने हरियाणा के विक्रांत कुमार को चित कर जीत हासिल की। मुकाबले में दोनों पहलवानों के बीच जोरदार संघर्ष देखने को मिला। गया पहलवान की जीत पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
कई मुकाबलों में दिखा जोरदार दांव-पेंच
दंगल में जौनपुर के निगम पहलवान ने हरियाणा के आशीष को हराया। केराकत के नीरज पहलवान ने मेरठ के बबलू पहलवान को पटकनी दी। वहीं सुजीत केराकत ने डीएलडब्ल्यू के परविंदर को पराजित किया।
यूपी पुलिस के राजेश्वर पहलवान ने प्रयागराज के अजीत कुमार को चित किया। सोनीपत के विजय और गाजीपुर के पंकज के बीच भी मुकाबला हुआ, जिसमें रोमांचक संघर्ष के बाद पंकज ने विजय को चित कर दिया।
इसके अलावा गाजीपुर के सुनील ने दिल्ली के पिंटू को हराया। जौनपुर के विवेक कुमार ने हरियाणा के रतन को पराजित किया, जबकि गाजीपुर के सुजीत ने मेरठ के रतीलाल को शिकस्त दी।
महिला पहलवानों के मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहे। प्रतियोगिता के दौरान कई कुश्तियां काफी देर तक चलीं और पहलवानों ने अपने दांव-पेंच से दर्शकों का मनोरंजन किया।
अतिथियों ने किया दंगल का उद्घाटन
कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन सपा नेता लालचंद यादव लाले, डॉ. जितेंद्र यादव, विवेक यादव और डॉ. आलोक कुमार यादव ने संयुक्त रूप से किया।
दंगल का संचालन मग्गू पहलवान ने किया, जबकि राजेश यादव निर्णायक की भूमिका में रहे।
इस अवसर पर भारतजी, महेंद्र प्रताप मखन्चु, छोटेलाल, अमित यादव, आशीष यादव, रोहित यादव, अंकित यादव, सुदर्शन, दीपक और दिनेश चौहान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा




