चोटी-जलेबी से लेकर कृषि यंत्रों तक जमकर हुई खरीदारी, 10 किलोमीटर क्षेत्र में सजा ऐतिहासिक मेला
जौनपुर। सरायख्वाजा का ऐतिहासिक भादो छठ मेला रविवार को भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहा। सूरजकुंड में स्नान के लिए सुबह से ही हजारों श्रद्धालु पहुंचने लगे। स्नान-ध्यान के बाद लोगों ने शिव बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना कर आस्था जताई।
मेले में सरायख्वाजा क्षेत्र के आसपास के करीब 100 गांवों के अलावा आजमगढ़, अंबेडकरनगर समेत अन्य जिलों से भी श्रद्धालु, दुकानदार और मेलार्थी पहुंचे। करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में फैले मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें सजी रहीं।
चोटी-जलेबी और गुड़ से बनी मिठाइयों के साथ लकड़ी से बने घरेलू सामान तथा बच्चों के आकर्षक खिलौनों की दुकानों पर लोगों की खूब भीड़ रही। वहीं किसानों ने कृषि यंत्रों की जमकर खरीदारी की। देर शाम तक पूरे मेला क्षेत्र में चहल-पहल बनी रही।
भीड़ को देखते हुए बैरिकेडिंग और कंट्रोल रूम की व्यवस्था
मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ग्राम प्रधान रैना संतोष सिंह की ओर से सूरजकुंड के आसपास बैरिकेडिंग कराई गई। मेलार्थियों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
कोइरीडीहा और सिद्धिकपुर की ओर से आने वाले भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया, जिससे मेला क्षेत्र के आसपास यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने में मदद मिली।
डायवर्जन से यात्रियों को हुई परेशानी
भादो छठ मेले के कारण कोइरीडीहा चौराहे से बड़े वाहनों को इटौरी-चकवां-पतहना मार्ग से भेजा गया। इससे वाहनों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी और सवारी गाड़ियों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।
कुछ वाहन मेला स्थल से ही वापस लौट गए, जबकि कई वाहन दूसरे मार्गों से यात्रियों को उनके गंतव्य तक लेकर गए। अतिरिक्त दूरी तय होने के कारण कुछ यात्रियों को अधिक किराया भी देना पड़ा।
नि:शुल्क प्याऊ बनाकर लोगों की मदद
मेले में भीषण गर्मी के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह नि:शुल्क प्याऊ लगाए गए। मुन्नर राम इंटर कॉलेज सरायख्वाजा की ओर से भी प्याऊ की व्यवस्था की गई। प्रबंधक रामानंद यादव, अध्यापक अवनीश यादव और प्रिंसिपल अनिता सहित विद्यालय से जुड़े लोगों ने मेलार्थियों को पेयजल उपलब्ध कराया।
इसके अलावा गुप्ता एंटरप्राइजेज की ओर से भी नि:शुल्क प्याऊ लगाया गया। इलू गुप्ता के नेतृत्व में अतुल गुप्ता, आर्यन गुप्ता, बीरू और रोहित जायसवाल ने व्यवस्था में सहयोग किया। मेला क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी समाजसेवियों और स्थानीय लोगों की ओर से प्याऊ लगाए गए, जहां पानी पीने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी तैनात
मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरायख्वाजा थाना प्रभारी राजेश सिंह और पूर्वांचल विश्वविद्यालय पुलिस चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। महिला पुलिसकर्मियों और पीएसी के जवानों की भी विभिन्न स्थानों पर तैनाती की गई। पुलिस टीम ने भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी।
संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा




