BSWAN के प्रखंड स्तरीय कर्मियों ने वेतन वृद्धि और सेवा समायोजन की मांग उठाई |

Share:

2009 से कार्यरत कर्मियों ने कम वेतन और सेवा की अस्थिरता का मुद्दा उठाया, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

पटना। बिहार स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क (BSWAN) में वर्ष 2009 से कार्यरत प्रखंड स्तरीय कर्मियों (NSS) ने वेतन वृद्धि और सेवा समायोजन की मांग को लेकर पटना के आईएमए हॉल में बैठक की। बैठक की अध्यक्षता मो. कोनैन ने की। इस दौरान कर्मियों ने कम वेतन और सेवा की अस्थिरता का मुद्दा उठाते हुए सरकार से वर्तमान व्यवस्था में सुधार की मांग की।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में कर्मचारी नेता एवं महासंघ (गोप गुट) के महासचिव प्रेमचंद कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि BSWAN से जुड़े प्रखंड स्तरीय कर्मी पिछले 17 वर्षों से राज्य के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में नेटवर्क और इंटरनेट कनेक्टिविटी को सुचारू रखने का कार्य कर रहे हैं।

उनके अनुसार, कर्मी तकनीकी खराबियों का समाधान करने, नेटवर्क की निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने जैसी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुरूप पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है।

सेवा समायोजन और आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग

BSWAN नेता मो. कोनैन ने कहा कि वर्तमान महंगाई में कम आय के कारण कर्मचारियों के लिए परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा, आवास, चिकित्सा और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा करना कठिन हो रहा है।

कर्मचारियों ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में सेवा समायोजन करने और आउटसोर्स व्यवस्था समाप्त करने की मांग उठाई। साथ ही कर्मचारियों की योग्यता, तकनीकी जिम्मेदारियों और वर्षों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए ₹35,323 से ₹40,000 तक सम्मानजनक वेतन निर्धारित करने की मांग की गई।

मांगों को लेकर सरकार को पत्र भेजने का निर्णय

बैठक में निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, बेल्ट्रॉन तथा संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर मामले का संज्ञान लेने और मांगों पर शीघ्र उचित निर्णय लेने का आग्रह किया जाएगा।

कर्मियों ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आगे धरना-प्रदर्शन करने का रास्ता अपनाएंगे।

तृप्ति प्रमाण ब्यूरो चीफ: विनोद प्रसाद

Share: