विट्ठलवाड़ी स्थित श्री हनुमान मंदिर में भक्तिमय आयोजन, सप्तम संकल्प के 7,77,777 पाठ पूर्ण होने पर अष्टम संकल्प का शुभारंभ
कल्याण प्रतिनिधि: कल्याण के विट्ठलवाड़ी स्थित प्रसिद्ध श्री हनुमान मंदिर में शनिवार को भक्तिमय वातावरण में विशेष धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री हनुमान मंदिर भक्त समूह, कल्याण और श्रीरामचरितमानस रसिक प्रश्नोत्तरी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक चले इस आयोजन में हनुमान चालीसा समूह के सप्तम संकल्प के 7,77,777 पाठ पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी अवसर पर समूह ने अष्टम संकल्प के तहत 8,88,888 हनुमान चालीसा पाठ करने का नया संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़े साधक अपने-अपने स्थान पर रहकर हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और पाठ की संख्या समूह को भेजते हैं। डोंबिवली निवासी किरण शुक्ला द्वारा प्रतिदिन प्राप्त पाठों की गणना की जाती है। आयोजकों के मुताबिक अब तक समूह द्वारा कुल 31,11,108 हनुमान चालीसा पाठ पूरे किए जा चुके हैं।
पूजा, सुंदरकांड और यज्ञ-हवन का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना, सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड, रुद्राभिषेक तथा यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर हनुमान चालीसा पाठ में सहभागिता करने वाले भक्तों के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले गणमान्य लोगों का सम्मान भी किया गया।
श्रीरामचरितमानस रसिक प्रश्नोत्तरी का चौथा पारायण शुरू
कार्यक्रम के दौरान कल्याण से संचालित श्रीरामचरितमानस रसिक प्रश्नोत्तरी के तीसरे पारायण का समापन तथा चौथे पारायण का शुभारंभ भी किया गया।
आयोजकों के अनुसार इस प्रश्नोत्तरी से देश के विभिन्न राज्यों के विद्यार्थी, डॉक्टर, इंजीनियर, अधिवक्ता, कथावाचक और अलग-अलग आयु वर्ग के लोग जुड़े हुए हैं।
मुख्य आयोजक डॉ. विजय पंडित ने आयोजन की जानकारी दी। वहीं किरण शुक्ला और बलरामजी मिश्रा ने दोनों समूहों की गतिविधियों और उद्देश्यों के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




