विधायक विलास तरे के हस्ते अभियान का उद्घाटन, विद्यार्थियों और अभिभावकों को योजनाओं का लाभ उठाने की अपील
पालघर, 21 सितंबर। प्रतिनिधि: एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना, डहाणू की ओर से पालघर जिले के शासकीय माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक आश्रमशाला, एंबूर-ऐरंबी में सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी समुदाय के नागरिकों और विद्यार्थियों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी एवं शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और प्रतिमा पूजन के साथ हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बोईसर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विलास तरे ने की। उनके हस्ते फीता काटकर सेवा संकल्प अभियान का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर परियोजना कार्यालय, डहाणू के कार्यालय अधीक्षक योगेश खंदारे ने आदिवासी समुदाय के लिए शासन की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही चित्रफीत के माध्यम से इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में लाभार्थियों और उपस्थित नागरिकों का मार्गदर्शन किया गया।
विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ लेने की अपील
विधायक विलास तरे ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं का उचित उपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।
ग्राम के सरपंच सुदर्शन वनगा और ग्राम विकास अधिकारी भागवत कांबले ने ग्रामवासियों को आवश्यकता के अनुसार सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में अधिकारी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित
कार्यक्रम में सरपंच सुदर्शन वनगा, परियोजना कार्यालय डहाणू के अधीक्षक योगेश खंदारे, आदिवासी विकास निरीक्षक यदुनाथ भोये, रोहित पाटील, शिक्षा विस्तार अधिकारी दीपक गवई तथा शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण दळवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन गणेश गोंटलेवार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन विष्णू खोडवे ने किया।
कार्यक्रम के समापन से पहले उपस्थित मान्यवरों के हस्ते वृक्षारोपण किया गया। इसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। उपस्थित अभिभावकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।
रिपोर्ट: पराग यादव, पालघर




