पालघर में फसल नुकसान का तत्काल पंचनामा करने के निर्देश, प्रभावित किसानों को राहत देने पर जोर |

Share:

राज्यमंत्री योगेश कदम ने अधिकारियों को दिए आदेश; सूखाग्रस्त घोषित नहीं किए गए तालुकों में भी नुकसान का आकलन कर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश

पालघर: प्रतिकूल मौसम और अन्य प्राकृतिक कारणों से खेती को हुए नुकसान को देखते हुए राज्यमंत्री योगेश कदम ने जिले के सभी प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए तत्काल पंचनामा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि फसल नुकसान का कोई भी मामला पंचनामे से वंचित नहीं रहना चाहिए।

सूखाग्रस्त घोषित नहीं किए गए तालुकों में भी होगा आकलन

जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रशासनिक समीक्षा बैठक के दौरान राज्यमंत्री योगेश कदम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सूखाग्रस्त घोषित नहीं किए गए तालुकों में भी कृषि नुकसान का निष्पक्ष आकलन किया जाए और पंचनामे पूरे किए जाएं।

उन्होंने कहा कि नुकसान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए आगे की कार्रवाई हेतु लगातार प्रयास किए जाएं।

विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा

बैठक में विधायक राजेंद्र गावित, विधायक रवींद्र फाटक, जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष वैदेही वाढाण, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे और उपजिलाधिकारी रणजीत देसाई सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान राजस्व, ग्रामीण विकास, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, जलापूर्ति, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, आवास योजनाओं, सूखा प्रबंधन और सेवा संकल्प अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई।

योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने पर जोर

राज्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक समय पर पहुंचाया जाए। इसके साथ ही प्रशासनिक कार्यों में तेजी, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

अब प्रशासन की ओर से फसल नुकसान के पंचनामे और शासन को रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया पर प्रभावित किसानों की नजर रहेगी।

रिपोर्ट: तृप्ति प्रमाण

Share: