मानव तन बड़े सौभाग्य से मिलता है, अच्छे कर्म और समाजसेवा में लगाएं जीवन : नारद महाराज |

Share:

सुभाषचंद्र यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, शिक्षण क्षेत्र में योगदान को किया याद

पिता परिवार का शिखर होता है, उनके आदर्शों पर चलना ही सच्ची श्रद्धांजलि

जौनपुर। शिक्षण संस्थानों के प्रबंधक एवं समाजसेवी स्वर्गीय सुभाषचंद्र यादव की तीसरी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक कुकुड़ीपुर में मनाई गई। इस अवसर पर श्रद्धांजलि एवं सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चुनारगढ़ से आए नारद महाराज ने प्रवचन करते हुए कहा कि मानव तन बड़े सौभाग्य से मिलता है। इसलिए मनुष्य को अपने जीवन का सदुपयोग करते हुए अच्छे कर्म करने चाहिए और समाजसेवा के प्रति समर्पण एवं त्याग का भाव रखना चाहिए।

नारद महाराज ने कहा कि लोगों की मदद करना और किसी भी क्षेत्र में सेवा भावना के साथ कार्य करना ही मानव जीवन की सार्थकता है। मानव जीवन अनेक योनियों के बाद प्राप्त होता है, इसलिए इसे व्यर्थ नहीं गंवाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिता परिवार का शिखर होता है और परिवार के पालन-पोषण तथा उन्नति के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर देता है। ऐसी पुण्यात्मा का संसार से जाना निश्चित रूप से दुखद होता है, लेकिन उनके आदर्शों और स्मृतियों को अच्छे कार्यों के माध्यम से जीवित रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

शिक्षण और समाजसेवा में योगदान को किया याद

शिक्षक एमएलसी लालबिहारी यादव एवं विधायक लकी यादव ने भी स्वर्गीय सुभाषचंद्र यादव के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

सपा नेता डॉ. सूर्यभान यादव ने कहा कि समाजसेवी सुभाषचंद्र यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों में कई शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा की अलख जगाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उनका योगदान निश्चित रूप से सराहनीय और अनुकरणीय है।

समारोह में प्रो. राकेश कुमार यादव, प्रो. राजबहादुर तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश कुमार यादव ने भी स्वर्गीय सुभाषचंद्र यादव के जीवन एवं उनके सामाजिक तथा शैक्षिक योगदान को याद किया।

इस दौरान राजदेव यादव, सपा नेता दीपचंद राम, राजेंद्र सिंह, उदयभान मौर्या, सपा प्रवक्ता अमिक जामेईक, रविंद्र मिश्रा, जितेंद्र यादव, अशोक यादव एवं भीम यादव सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए।

पुत्रों ने लिया समाजसेवा का संकल्प

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय सुभाषचंद्र यादव की स्मृति में उनके पुत्र विवेक यादव एवं डॉ. आलोक यादव ने समाजसेवा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में सपा के वरिष्ठ नेता लालचंद यादव लाले, डॉ. जितेंद्र कुमार यादव एवं डॉ. अमित यादव ने समारोह में उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

संवाददाता: शम्भू विश्वकर्मा

Share: