यंग स्टार ट्रस्ट की पहल पर हुआ आयोजन, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा
विरार। दिवाली के पावन अवसर पर विरार में यंग स्टार ट्रस्ट की ओर से आयोजित ‘दिवाली पहाट’ कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुरीले मराठी और हिंदी गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने सुबह के खुशनुमा माहौल को संगीतमय बना दिया। कार्यक्रम में मौजूद संगीत प्रेमी गीतों की धुनों में मंत्रमुग्ध नजर आए।
यंग स्टार ट्रस्ट, वरिष्ठ नागरिक संघ और अखिल भारतीय रेल कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में तथा महापौर अजीव पाटील की पहल पर इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिवाली की पहली सुबह आयोजित इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान लोकप्रिय मराठी और हिंदी गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद लिया। संगीत, मनोरंजन और आपसी मेल-मिलाप के इस आयोजन ने दिवाली के उत्सव में खास रंग भर दिया।
इस पहल के माध्यम से नागरिकों को त्योहार की खुशियां सामूहिक रूप से मनाने और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला। कार्यक्रम में सभी आयु वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।
तृप्ति प्रमाण


