वाडा, पालघर। पालघर जिले के वाडा पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। विक्रमगढ़ रोड स्थित टीना रबर कंपनी में करीब सुबह 10 बजे स्टोर रूम की दीवार अचानक गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपनी में काम करने वाले कुछ मजदूर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान पास स्थित स्टोर रूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार की चपेट में आने से तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में केशव वालक गुनगुणा (55) निवासी मोहा गांव, तालुका विक्रमगढ़, मीरा जानू गवली (60) निवासी वसूरी, तालुका विक्रमगढ़ तथा रंजना दिलीप कोंब (35) निवासी कोंब-पोशेरी, तालुका वाडा की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही वाडा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल स्टोर रूम की दीवार गिरने के कारणों और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
संवाददाता: तृप्ति प्रमाण




